दुःखद हादसा: सतपुली-गुमखाल मार्ग पर निर्माण कंपनी की गुंडागर्दी, युवक की पोकलैंड मशीन से हत्या, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
सतपुली-गुमखाल मार्ग पर निर्माण कार्य कर रही “श्री कल्याण शिवालिक इंफ्रा” कंपनी के खिलाफ एक गंभीर और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों ने पोकलैंड मशीन से सुमन देवरानी नामक युवक को बेरहमी से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। मृतक नोसिन डाडामंडी गांव का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात देर रात हुई जब निर्माण कंपनी द्वारा कथित रूप से बिना वैध अनुमति के रात्रिकालीन कार्य किया जा रहा था। इस दौरान किसी विवाद के चलते सुमन देवरानी पर पोकलैंड मशीन चला दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से गुंडागर्दी की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने आंखें मूंद रखी थीं। लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि “श्री कल्याण शिवालिक इंफ्रा” को रात में काम करने की अनुमति किस आधार पर दी गई, और क्या इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस और प्रशासन को थी?
प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल
स्थानीय जनता का कहना है कि प्रशासन और पुलिस दोनों ही कंपनी की मनमानी पर मौन साधे हुए थे। अब जब यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई है, तब अधिकारियों की सक्रियता दिखाई दे रही है।

