7 घंटे में चोरी का खुलासा, चोरगलिया पुलिस ने 2 शातिर चोर दबोचे।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर चोरगलिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 7 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है, जबकि वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को वादी बलजीत सिंह निवासी देवपुर सनवाल ने अपने भाई के घर में 12 अप्रैल की रात हुई चोरी के संबंध में थाना चोरगलिया में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मनोज कत्याल और अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने पतारसी-सुरागरसी के दौरान चोरगलिया क्षेत्र से दो शातिर अभियुक्तों—करन (26) और संजय बिष्ट (25), निवासी काठगोदाम—को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ, जिसमें 2 गीजर (V-Guard व Khaitan), एक पानी की मोटर (Kirloskar), एक छत का पंखा (Crompton) और 17 जोड़ी बिना सिले कपड़ों से भरा बैग शामिल है। बरामद सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद स्कूटी (UK04-AS-3465) के वैध कागजात न मिलने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में भी इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक निधि शर्मा, हेड कांस्टेबल चन्द्रशेखर और कांस्टेबल संदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



