*💥 दीवार फांदकर महिला की गरिमा पर हमला करने वाला विकृतकामी गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस ने दिखाई तत्परता*
💥 *एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का सख्त संदेश: महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। महेश नगर, नवाबी रोड क्षेत्र में एक महिला के घर की दीवार फांदकर परिसर में घुसने और बाहर सूख रहे कपड़े चोरी करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
महिला की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस ने 24 जून को पंचायतघर रोड स्थित क्रिकेट मैदान के पास से आरोपी निकेत सिंह बिष्ट (34) निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा मुखानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। नैनीताल पुलिस ने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।




