
💥 *फोन पर जान धमकी और धार्मिक उन्माद फैलाने वाला नहीं बचा, महाराष्ट्र से दबोच लाई नैनीताल पुलिस*
🚨*नफरत और फोन में धमकी ने पहुचाया जेल*
💥*SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की चेतावनी- धर्म की आड़ में समाज में जहर घोलने वालों के खिलाफ कानून का डंडा पूरी सख्ती से चलेगा*
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
हल्द्वानी। धर्म के नाम पर नफरत फैलाने, फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नैनीताल पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को पंतनगर क्षेत्र से दबोचकर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 को गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई हल्द्वानी निवासी कमल जोशी ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत के आधार पर थाना हल्द्वानी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान आरोपी का संबंध महाराष्ट्र से होना सामने आया। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गईं।
23 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35 वर्ष) पुत्र नजर खान, निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम (महाराष्ट्र) को पंतनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रक चालक बताया जा रहा है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तारी टीम में मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल अरुण राणा शामिल रहे।
इस मामले में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि राजनीतिक अथवा किसी अन्य विवाद को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




