नशा तस्करों से लेकर फरार वारंटियों तक, नैनीताल पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने किराए के कमरे से संचालित हो रहे अवैध शराब के कारोबार का खुलासा करते हुए 219 पाउच कच्ची शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मामले में गिरोह के दो कथित सरगनाओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत बिंदुखत्ता चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 2 किलोमीटर ग्राउंड के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अमित राय निवासी वीआईपी गेट, लालकुआं को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखे गए 219 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बिंदुखत्ता निवासी सचिन कठैत और चंदन टाकुली के लिए काम करता था। दोनों ने उसे किराए पर कमरा उपलब्ध कराया था, जहां अवैध शराब रखी जाती थी और वहीं से तस्करी का नेटवर्क संचालित होता था।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित राय के साथ-साथ सचिन कठैत और चंदन टाकुली के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/69(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




