
रामनगर के दिव्यांग विद्यालय से दो बच्चे लापता, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस; पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। रामनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित यूएसआर इंदु समिति के दिव्यांग विद्यालय से दो दिव्यांग बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। विद्यालय की शिक्षिका अनुप्रिया शर्मा ने शुक्रवार को रामनगर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर दोनों बच्चों की जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे विद्यालय से दो बालक अचानक कहीं चले गए, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। लापता बच्चों की पहचान देवा (14 वर्ष) और श्याम (14 वर्ष) के रूप में हुई है। देवा सामान्य बच्चों की तरह व्यवहार करता है और सुन सकता है, जबकि श्याम सुन सकता है लेकिन बोल नहीं पाता तथा मानसिक रूप से भी कमजोर बताया गया है।
शिक्षिका अनुप्रिया शर्मा ने पुलिस से दोनों बच्चों की शीघ्र एवं सुरक्षित बरामदगी की मांग करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मामले में रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही विद्यालय के कर्मचारियों, आसपास के लोगों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ की जा रही है, ताकि बच्चों के जाने की दिशा और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बच्चे किन परिस्थितियों में विद्यालय से बाहर निकले, इसके पीछे कोई लापरवाही या अन्य कारण तो नहीं है। कोतवाल ने कहा कि दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी दिव्यांग विद्यालय से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में इस घटना को पुलिस और प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।




