धामी का व्यापारियों को बड़ा भरोसा—उत्तराखंड में कारोबार बढ़ाइए, सरकार हर कदम पर साथ।

धामी का व्यापारियों को बड़ा भरोसा—उत्तराखंड में कारोबार बढ़ाइए, सरकार हर कदम पर साथ।

धामी का व्यापारियों को बड़ा भरोसा—उत्तराखंड में कारोबार बढ़ाइए, सरकार हर कदम पर साथ।

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को आईटीसी फॉर्च्यून पहुंचे, जहां उन्होंने कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

संवाद के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी की प्रक्रियाओं को सरल बनाने, मंडी शुल्क, अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

 

 

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल कारोबारी वातावरण तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है।

कोरोना काल में व्यापारियों के योगदान को सराहा

मुख्यमंत्री ने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण समय में किराना और रिटेल व्यापारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों तक राशन और जरूरी सामान पहुंचाया। संकट के समय व्यापारी वर्ग ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई और साबित किया कि वह देश और प्रदेश का मजबूत स्तंभ है। उन्होंने व्यापारियों को “ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत” भी बताया।

यह भी पढ़ें 👉  कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में पूरी होगी PNG पाइपलाइन, मुख्य सचिव ने दिए युद्धस्तर पर काम के निर्देश

29 हजार से ज्यादा नई MSME इकाइयां, 1.27 लाख युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से प्रदेश में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि सरकार की सोच स्पष्ट है कि शासन उद्योगों के लिए बाधा नहीं, बल्कि सहयोगी और भागीदार बने। उद्योग बढ़ेंगे तो रोजगार बढ़ेगा और रोजगार के साथ उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

206 से ज्यादा सरकारी सेवाएं ऑनलाइन

धामी ने कहा कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरल बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “निवेश मित्र” व्यवस्था की गई है। वहीं सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

इन्वेस्टर्स समिट के दौरान उद्योग एवं व्यापार जगत से मिले सुझावों के आधार पर सरकार ने 30 से अधिक नीतियां तैयार की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नीतियों में उद्योग और व्यापार जगत के सुझावों को प्राथमिकता दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, SSP ने की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा।

पर्वतीय युवाओं के लिए भी खुलेंगे रोजगार के रास्ते

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के साथ 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है। सरकार का प्रयास है कि पर्वतीय क्षेत्रों का युवा अपने गांव में रहकर भी देश-दुनिया के बाजार के लिए कारोबार खड़ा कर सके।

चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्कों हेतु भूमि चिन्हित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है तथा भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

“मेड इन उत्तराखंड” को ग्लोबल ब्रांड बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” जैसी योजनाओं के जरिए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को बड़े बाजारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि “मेड इन उत्तराखंड” गुणवत्ता और विश्वास के साथ देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार में भी अपनी मजबूत पहचान बनाए।

उन्होंने कहा कि फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के रूप में विकसित हुए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  थाना ऑफ द मंथ फोकस* *अब थानों की होगी परफॉर्मेंस रैंकिंग! SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शुरू किया “थाना ऑफ द मंथ”* *अपराध नियंत्रण से डिजिटल पुलिसिंग तक होगी कार्यप्रणाली की समीक्षा* *लापरवाही पर कुछ थाना प्रभारियों को लगाई फटकार*

CM का व्यापारियों से सीधा संदेश—“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों से प्रदेश में निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को और गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।”

उन्होंने कहा कि व्यापार की प्रगति में ही प्रदेश की प्रगति निहित है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक व्यापारी को सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाएं और निवेश के बेहतर अवसर मिलें।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प ऐसा उत्तराखंड बनाने का है, जहां युवाओं के हाथ में रोजगार, व्यापारियों के मन में विश्वास और उद्यमियों के सामने नए अवसर हों। व्यापार और उद्योग जगत के सहयोग से विकसित उत्तराखंड का सपना साकार होगा और राज्य विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, श्री राम सिंह कैड़ा, विभिन्न दायित्वधारी, व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित जीएसटी, उद्योग, सिडकुल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने किया।

kj
tara