
12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने भरी हुंकार, आंदोलन तेज करने की चेतावनी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन, उत्तराखंड संयोजक मंडल रामनगर की ओर से 12 सूत्रीय मांगों को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के प्रथम चरण के आठवें दिन मंगलवार को जनजागरण अभियान चलाया गया। इसके तहत रामनगर वन प्रभाग एवं अतिरिक्त भूमि संरक्षण वन प्रभाग में गेट मीटिंग कर मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों को आंदोलन के अगले चरण की जानकारी दी गई।
श्रीमती कमला शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित गेट मीटिंग का संचालन मोहित सिंह राठौर ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कमला शर्मा ने फेडरेशन की प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा।
इनमें कनिष्ठ सहायक का वेतन उच्चीकृत कर लेवल-5 अनुमन्य करने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित कर पदनाम प्रशासनिक करने, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित कर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पदनाम करने, उप निदेशक प्रशासन के लिए लेवल-11 वेतन के साथ अतिरिक्त पद सृजित करने, गोल्डन कार्ड की असुविधाओं को दूर करने, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के कर्तव्य एवं दायित्व निर्धारित करने, मिनिस्ट्रियल कार्मिकों की कॉमन सेवा नियमावली प्रख्यापित करने तथा मिनिस्ट्रियल पदों पर आउटसोर्सिंग से तैनाती बंद करने समेत अन्य मांगें शामिल हैं।
फेडरेशन के मुख्य संयोजक आनंद सिंह रावत ने कर्मचारियों से आंदोलन में शत-प्रतिशत भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार और शासन को मांगों को लेकर आंदोलन नोटिस दिया जा चुका है। यदि जल्द ही मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं किया गया तो फेडरेशन प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन की ओर बढ़ने के लिए तैयार रहेगा।
गेट मीटिंग में जिलामंत्री सोमपाल सिंह चौहान, मीडिया संयोजक ललित मोहन सती, सह संयोजक राहुल सिंह नेगी, रजत आर्या, विनित तोमर, हेमा बिष्ट, हिमानी, आशा गुसाईं, प्रभा, राजू सुमन, संजीव कुमार, मौ. आलम, सुनील, पुष्कर सिंह, राजेंद्र सिंह, चंदन सिंह सहित कई मिनिस्ट्रियल कर्मचारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में सहभागिता करने की अपील की।










