
नंदा-सुनंदा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद नैनीताल पुलिस।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 में प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मेला क्षेत्र से लेकर यातायात व्यवस्था तक पुलिसकर्मी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम मेला कमेटी के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को संभाल रही है।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए नैनीताल पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्गों पर निगरानी तथा सुगम दर्शन के लिए लगातार आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से मेले की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है, जबकि खोया-पाया केंद्र के जरिए बिछड़ने वाले बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मेला क्षेत्र और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों और मेला क्षेत्र में पुलिसकर्मी लगातार तैनात हैं। कहीं यातायात बाधित होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर यातायात को सुचारू करा रही है।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने सामान और कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें, छोटे बच्चों एवं बुजुर्गों को अपने साथ रखें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखते हुए पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने अपील की है कि किसी बच्चे, बुजुर्ग अथवा परिजन के बिछड़ने पर तत्काल खोया-पाया केंद्र से संपर्क करें और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।








