
भीमताल के विकास को लेकर CM धामी से मिले कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, सड़क-स्वास्थ्य और पेयजल के लिए मांगी धनराशि।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
देहरादून। भीमताल विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और पेयजल से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के कई ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और पेयजल जैसी सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र की जनता की प्रमुख जरूरत है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित से जुड़े प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया, ताकि विकास कार्यों को जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास है कि भीमताल विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।












