उत्तराखंड में खेल शिक्षा को बढ़ावा, खेल विश्वविद्यालय परियोजना आगे बढ़ी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून, 12 मार्च। उत्तराखंड सरकार ने हल्द्वानी के गोलापार क्षेत्र में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और उससे जुड़ी खेल अवसंरचना परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने इस परियोजना से संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए 8 करोड़ 57 लाख 13 हजार 171 रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। शासन की ओर से जारी आदेश में यह धनराशि खेल विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए वन विभाग की भूमि की आवश्यकता थी, जिसके लिए केंद्र सरकार से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। वन भूमि के उपयोग के बदले नियमानुसार राज्य सरकार को प्रतिपूरक व्यवस्था करनी होती है। इसके तहत जिन पेड़ों का नुकसान होगा, उनकी भरपाई के लिए अन्य स्थानों पर नए वृक्ष लगाए जाने तथा इसके लिए आवश्यक भूमि और धनराशि की व्यवस्था करना अनिवार्य है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रतिपूरक वृक्षारोपण और उससे जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने यह धनराशि स्वीकृत की है। स्वीकृत राशि का उपयोग वित्तीय वर्ष 2025-26 में परियोजना से जुड़े सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण, परामर्श तथा अन्य प्रक्रियात्मक कार्यों के साथ-साथ प्रतिपूरक वृक्षारोपण से संबंधित व्यवस्थाओं पर किया जाएगा।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस आदेश के जारी होने के बाद खेल विश्वविद्यालय परियोजना से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है। अब मैदान स्तर पर व्यावहारिक कार्य शुरू होने की प्रक्रिया को और तेजी मिलेगी।


















