बोनट पर दोस्त, सड़क पर रफ्तार… कैची धाम मार्ग पर थार चालक की स्टंटबाजी पड़ी भारी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। धार्मिक और पर्यटन नगरी के रूप में प्रसिद्ध श्री कैची धाम मार्ग पर एक थार चालक द्वारा जानलेवा स्टंट करना भारी पड़ गया। चलती थार के बोनट और खिड़की पर दोस्तों को बैठाकर सड़क पर फर्राटा भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही नैनीताल पुलिस हरकत में आ गई।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन संख्या DL4BC7795 (थार) का चालक सड़क पर खतरनाक स्टंट कर अपनी और अन्य लोगों की जान जोखिम में डाल रहा था।
एसएसपी के निर्देश पर यातायात निरीक्षक महेश चंद्र ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालक राहुल निवासी दिल्ली का पता लगाया और उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार चालक ने भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की बात कहते हुए माफी भी मांगी है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दो टूक कहा कि जनपद में स्टंटबाजी, अराजकता, हुड़दंग और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर दूसरों की जान खतरे में डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए अपनी तथा दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें।


