ऑपरेशन प्रहार का बड़ा धमाका! 1.121 किलो चरस के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी में नशे के कारोबार पर कुमाऊं पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसओटीएफ कुमाऊं और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक शातिर तस्कर को 1 किलो 121 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है।
आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत एसओटीएफ कुमाऊं और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की टीम ने गांधी इंटर कॉलेज रोड, तरणताल के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 1.121 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत बाल्मीकि निवासी गांधीनगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जानी थी। माना जा रहा है कि पूछताछ में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
कुमाऊं पुलिस ने साफ किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी नशा तस्करी की सूचना तत्काल साझा करने की अपील की है।




