
*पुलिस कप्तान मंजुनाथ की अनोखी पहल का अनोखा अंदाज, रामलीला के साथ जागरूकता का मंच*
*सेल्फी पॉइंट, शॉर्ट वीडियो और लोकल टीवी चैनलों से साइबर जागरूकता का विस्तार*
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
रामनगर/हल्द्वानी। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए नैनीताल पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान 2.0 तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी की पहल पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित रामलीला कार्यक्रमों को जनजागरूकता का माध्यम बनाया जा रहा है। इसके साथ ही स्कूल-कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क किया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रामलीला में पहुंच रहे लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीओ ऑप्स समीरण भट्ट के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी मीनू गौतम और उनकी टीम ने जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। यहां जागरूकता सेल्फी प्वाइंट के जरिए भी साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया।
वहीं, भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी कृपाल सिंह द्वारा जागरूकता वीडियो और स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। छोटी-छोटी वीडियो क्लिप और जनसहभागिता गतिविधियों के जरिए लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जनपद के अन्य थाना और चौकी क्षेत्रों में भी रामलीला आयोजनों के दौरान लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जा रही है।
ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील
अभियान के दौरान लोगों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण या निजी जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने यह भी बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। अभियान का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है, ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के साथ एक सुरक्षित डिजिटल वातावरण बनाया जा सके।
नैनीताल पुलिस का संकल्प—साइबर अपराध के प्रति जागरूक जनपद, सुरक्षित जनपद।







