मुख्यमंत्री धामी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाजों को किया सम्मानित, कहा—उत्तराखंड की बेटियां रच रही हैं नए कीर्तिमान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की महिला मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ की निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन किया। निकिता इससे पहले लगातार तीन एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं, जबकि काजल के नाम भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक दर्ज हैं।
वहीं, पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई। आरती भी वर्तमान में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है और राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की बेटियां भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नए कीर्तिमान स्थापित करती रहेंगी।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।




