
शादी की शॉपिंग के बीच गायब हुआ बैग, दुल्हन बनने जा रही युवती की अटकी सांसें! CCTV ने खोज निकाली कार, पुलिस ने लौटाई खुशिया।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। शादी की तैयारियों के बीच शॉपिंग करने पहुंची एक युवती उस समय परेशान हो गई, जब उसका कीमती सामान से भरा बैग अचानक गायब हो गया। बैग किसी दुकान पर नहीं, बल्कि वापसी के दौरान एक अज्ञात कार में छूट गया था। काफी तलाश के बाद भी जब बैग का कोई सुराग नहीं मिला तो युवती ने पुलिस से मदद मांगी। इसके बाद चोरगलिया पुलिस और CCTV कंट्रोल रूम की टीम ने ऐसा प्रयास किया कि युवती के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई।
मामला 13 नवंबर 2026 का है। चोरगलिया थाना क्षेत्र के नयागांव कटान निवासी ममता शर्मा अपनी आगामी शादी की खरीदारी के लिए हल्द्वानी आई थीं। खरीदारी पूरी करने के बाद वापस लौटते समय उनका बैग एक अज्ञात कार में छूट गया। बैग में रखा कीमती सामान गायब होने से ममता की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद उन्होंने CCTV कंट्रोल रूम से संपर्क किया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चोरगलिया पुलिस और CCTV टीम ने तत्काल फुटेज खंगालने शुरू किए। तकनीकी मदद से संदिग्ध वाहन की पहचान कर उसके मालिक की जानकारी जुटाई गई। जांच में वाहन स्वामी टनकपुर निवासी निकला। पुलिस ने उससे संपर्क कर बैग बरामद कर लिया।
15 नवंबर को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग ममता शर्मा को सौंप दिया गया। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर युवती ने नैनीताल पुलिस और CCTV टीम का आभार जताया।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि तकनीक और पुलिस की तत्परता आमजन की छोटी-बड़ी परेशानियों को दूर करने में कितनी कारगर साबित हो सकती है।












