

*भारत सरकार’ का बोर्ड, नीली बत्ती और एयरगन; नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग में धरा गया फर्जी I.B. अधिकारी! 🚨🚘🦅*
*SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चप्पे-चप्पे पर चेकिंग का असर; हल्द्वानी में रौब झाड़ता रामपुर का शातिर युवक फर्जी ID कार्ड और कार समेत गिरफ्तार*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (I.B.) का अधिकारी बताकर रौब दिखाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, फर्जी दस्तावेज, एयरगन, नीली बत्ती लगी कार और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को हल्द्वानी क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने रोकी नीली बत्ती वाली कार
चेकिंग के दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती के साथ ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड पुलिस के सामने पेश किया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस ने जब उससे आईबी में पद और नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। आईडी कार्ड और दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी में सामने आया फर्जीवाड़ा
कार के डैशबोर्ड से पुलिस को फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। इसके अलावा वाहन पर नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड भी लगा हुआ था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन अपने पास रखता था। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी फर्जी आईडी और दस्तावेजों के जरिए खुद को आईबी अधिकारी के रूप में प्रदर्शित कर रहा था।
मामले में थाना हल्द्वानी में FIR संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर लगातार निगरानी
पूरी कार्रवाई एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।
पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। फर्जी पहचान बनाकर सरकारी पद का दुरुपयोग करने अथवा पुलिस या किसी अन्य सरकारी अधिकारी के नाम पर रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



















