
जलजनित रोग प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान तेज, घर-घर स्क्रीनिंग जारी, ज्योलिकोट समेत संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों की निगरानी, 235 लोगों की स्क्रीनिंग और 150 HAV रैपिड टेस्ट।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल, 18 सितंबर 2026। जलजनित रोगों से प्रभावित ज्योलिकोट एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमों द्वारा प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में घर-घर स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और लोगों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि 14416 हेल्पलाइन के माध्यम से लोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं काउंसलिंग प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से सलाह लेने के साथ नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराएं।
शुक्रवार को सचल स्वास्थ्य वाहन के माध्यम से सूफी एवं गैठिया क्षेत्रों में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मार्तोलिया ने दोनों क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा जलजनित रोगों से बचाव, स्वच्छ पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर जागरूक किया।
स्वास्थ्य टीमों ने भल्यूटी, गांजा, सरियाताल एवं ज्योलिकोट क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग की। वहीं रॉयल होटल, सुखताल, पिटारिया, स्टाफ हाउस, 7 नंबर और अयारपाटा क्षेत्रों में 235 लोगों की स्क्रीनिंग की गई तथा 150 HAV रैपिड टेस्ट किए गए।
स्वास्थ्य शिविरों एवं सचल स्वास्थ्य वाहन के माध्यम से 197 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, जबकि 30 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। एक व्यक्ति को टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सकीय काउंसलिंग दी गई। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 61 लोगों की जांच की गई और 5 मरीजों को भर्ती किया गया।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी और स्क्रीनिंग कर रही हैं। उन्होंने लोगों से स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा बीमारी के लक्षण सामने आने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।










