
भारी बारिश का कहर! पंच केदार के कल्पेश्वर नाथ मंदिर में भूस्खलन, परिसर में घुसा मलबा।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
उखीमठ। पंच केदारों में प्रसिद्ध कल्पेश्वर नाथ मंदिर में देर रात हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन की घटना सामने आई है। तेज बारिश के कारण पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर में आ गया, जिससे मंदिर के आसपास काफी नुकसान हुआ है।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर में जमा मलबे को हटाने का काम शुरू किया। बारिश के कारण मंदिर परिसर में अचानक बड़ी मात्रा में मलबा आने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंदिर समिति के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि देर रात हुई तेज बारिश के चलते पहाड़ी से पूरा मलबा मंदिर परिसर की ओर आ गया। इससे मंदिर के आसपास काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है।
लगातार बारिश के बीच क्षेत्र में भूस्खलन की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। फिलहाल स्थानीय लोग मंदिर परिसर को व्यवस्थित करने और मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।







