गौ माता पर आर-पार! करणी सेना ने सरकार को दिया 25 दिन का अल्टीमेटम।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर में करणी सेना उत्तराखंड ने गौ माता को राज्य माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन भेजा है। संगठन ने उपजिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करते हुए 25 दिनों के भीतर इस संबंध में ठोस निर्णय लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो 1 अगस्त से हल्द्वानी से मुख्यमंत्री आवास तक पैदल कूच किया जाएगा।
करणी सेना उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने रामनगर तहसील पहुंचकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुनील चौहान के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सनातन धर्म में गौ माता को सर्वोच्च सम्मान प्राप्त है और देवभूमि उत्तराखंड में उन्हें राज्य माता का दर्जा दिया जाना चाहिए।
संगठन का कहना है कि गौ सम्मान अभियान के तहत नैनीताल जिले में पांच लाख हस्ताक्षर किए जा चुके हैं और पूरे उत्तराखंड से 50 लाख हस्ताक्षर जुटाने का अभियान जारी है। आगामी 27 जुलाई को इन हस्ताक्षरों को जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।
करणी सेना ने कहा कि यदि 25 दिनों के भीतर सरकार ने गौ माता को राज्य माता घोषित करने की दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो 1 अगस्त को हल्द्वानी से मुख्यमंत्री आवास तक पैदल कूच किया जाएगा। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन गौ संरक्षण, गौ सम्मान और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए किया जाएगा।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी, व्यापार शक्ति अध्यक्ष प्रशांत तिवारी, प्रदेश संगठन महामंत्री हरीश प्रकाश, जिला अध्यक्ष कपिल नेगी बतिस्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाखन, जिला मंत्री विकास अंजान, भरत सैनी, विधानसभा अध्यक्ष शंकर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, विधानसभा उपाध्यक्ष दिनेश सिंह और कार्यकारिणी सदस्य सचिन सागर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




