मोहर्रम को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, ड्रोन निगरानी और रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों से निगरानी, रात्रिकालीन चेकिंग, कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग और आयोजकों के साथ समन्वय जैसी प्रभावी व्यवस्थाएं की गई हैं।
मोहर्रम के जुलूसों एवं संवेदनशील मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मल्लीताल, भीमताल, लालकुआँ, कालाढूंगी और रामनगर सहित प्रमुख क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से हवाई निगरानी की जा रही है। प्रत्येक गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रात 11 बजे से प्रातःकाल तक विशेष नाइट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी क्षेत्राधिकारी, जोनल अधिकारी, नाइट अधिकारी और थाना-चौकी प्रभारी लगातार भ्रमणशील रहे तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई।
सिटी कंट्रोल रूम को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रखा गया है। जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने मोहर्रम आयोजकों और ताजिया कमेटियों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने की दिशा में समन्वय बनाया हुआ है। वहीं ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत देर रात से लेकर सुबह तक जनपद के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील धार्मिक स्थलों की गहन चेकिंग की गई।
धार्मिक स्थलों और उनके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं मौके पर रहकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनमानस से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क है और प्रत्येक स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।




