“IPL सट्टे के ‘बुकी ब्रदर्स’ गिरफ्तार, SSP के प्रहार से हिल गया नेटवर्क।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। आईपीएल मैचों की आड़ में करोड़ों रुपये के सट्टे का खेल चला रहे गैंग पर नैनीताल पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। एसएसपीमंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत SOG और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने 02 भाइयों समेत 03 सटोरियों को गिरफ्तार कर करोड़ों के नेटवर्क का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मधुबन कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट में छापा मारा। यहां आरोपी IPL मैचों पर लाइव सट्टा संचालित कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 06 मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, एक पेन, ₹51,100 नकद और एक क्रेटा वाहन बरामद कर सीज किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में FIR संख्या 62/26 धारा 13G एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी प्रतिदिन करीब 07 से 08 लाख रुपये तक का सट्टा संचालित कर रहे थे और अब तक लगभग ₹3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा खिलाया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि गुप्ता उर्फ झबरा, उसका भाई रोहित गुप्ता तथा मोहित प्रसाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रवि गुप्ता का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें आबकारी एक्ट, जुआ अधिनियम और NDPS एक्ट से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद SSP नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु ₹2000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।


