“क्राइम की दुनिया में एंट्री से पहले ही खत्म हुआ खेल, दो तमंचेबाज गिरफ्तार”
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ में रामनगर पुलिस ने दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या फिर किसी आपराधिक गिरोह के लिए हथियार लेकर घूम रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रामनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बंदेशा स्टोन क्रेशर से बंजारी कोसी नदी जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली तो दोनों के पास से एक-एक 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतपाल और पवन कुमार, दोनों निवासी बाजपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि ये हथियार कहां से आए, किसे सप्लाई किए जाने थे और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवैध हथियारों की बरामदगी को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि कहीं आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना की तैयारी तो नहीं कर रहे थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने साफ कहा है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में अवैध हथियार रखने वालों, गैंगस्टरों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।




