
जनता को दफ्तरों के चक्कर से मिलेगी राहत, सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। आम जनता को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिन समस्याओं के निस्तारण में समय लगना जरूरी हो, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट जानकारी दी जाए।
मुख्यमंत्री शनिवार को देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के माध्यम से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी एवं किशोरी किट वितरित कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसेवा, जनभागीदारी और सुशासन को बढ़ावा देने के साथ ही आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण लाभ से वंचित न रहे।
सीएम धामी ने बताया कि प्रदेश में पूर्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की। इस अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य केवल विभागीय स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि सरकारी सेवाओं और सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से बहुउद्देशीय शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए शासन-प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







