
जल सृष्टि पार्क से लौटते समय सीएम धामी ने रुकवाया काफिला, बच्चों और आमजन संग खिंचवाई सेल्फी, प्रोटोकॉल से इतर आम लोगों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, बच्चों से की बातचीत और सुनीं उनकी बातें।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। मियांवाला स्थित जल सृष्टि पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम से लौटते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अचानक अपना काफिला रुकवा दिया। मार्ग में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बच्चे मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। लोगों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंच गए।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे और स्थानीय लोग उत्साहित हो उठे। इस दौरान कई लोगों ने मुख्यमंत्री से उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने सहजता से लोगों का आग्रह स्वीकार किया और बच्चों, युवाओं, महिलाओं तथा अन्य स्थानीय लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी ली।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मुख्यमंत्री से बातचीत कर अपनी भावनाएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ लोगों से संवाद किया और उनकी बातें सुनीं।
मुख्यमंत्री के अचानक काफिला रुकवाकर आमजन के बीच पहुंचने से मौके पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर खुशी और लोगों के उत्साह से माहौल आत्मीय हो गया। मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेने का यह अवसर स्थानीय लोगों के लिए यादगार बन गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता के बीच रहना और उनसे मिलना उनके लिए हमेशा सुखद अनुभव रहा है। प्रदेश की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।









