*🚩 बाबा के दरबार में उमड़ा जनसागर’ — कैंची धाम में 36 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन*
*खचाखच भरे मेला क्षेत्र में SSP NAINITAL डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुद संभाली सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं की कमान*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के पावन धाम कैंची में स्थापना दिवस मेले के दौरान आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा क्षेत्र श्रद्धालुओं से भर गया। सुबह से ही बाबा के दर्शनों के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और अब तक 36 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।
मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्थाओं को पूरी तरह मुस्तैद रखा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा का संचालन किया जा रहा है, जबकि भवाली फॉरेस्ट बैरियर को प्रमुख स्टॉपेज बनाया गया है। यहां से आगे सभी श्रद्धालुओं को पैदल यात्रा कर मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे मार्ग पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संभाल रखी है। एसएसपी लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कैंची मेले के लिए बनाए गए मुख्य कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए।
फॉरेस्ट बैरियर समेत विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने पुलिस जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए पुलिस कर्मियों को सेवा भाव के साथ तैनात रहने को कहा गया है।
पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के बीच कैंची धाम में श्रद्धा, भक्ति और व्यवस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। लाखों आस्थाओं के केंद्र इस पावन धाम में श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में बाबा के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।




