राइजिंग सिटी’ में मुख्यमंत्री धामी का बड़ा संदेश, विकास की रफ्तार को मिलेगी नई उड़ान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर में आयोजित न्यूज़ 18 के ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के विकास का विजन साझा करते हुए कहा कि ऊधम सिंह नगर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है और रुद्रपुर आज उत्तराखंड की औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि किच्छा में दूसरे एम्स का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिससे कुमाऊं मंडल और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। वहीं रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज और पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से विकसित किए जाने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन संभव होगा, जिससे पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की “सीमांत गांव प्रथम गांव” की सोच के अनुरूप मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास के लिए विशेष योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने ऊधम सिंह नगर को “मिनी इंडिया” बताते हुए कहा कि यहां विभिन्न राज्यों के लोग वर्षों से भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते आए हैं।
भ्रष्टाचार और भू-माफियाओं पर सख्त रुख अपनाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त करा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही दंगा विरोधी कानून लागू कर सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों से ही क्षतिपूर्ति वसूलने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक जनपद और प्रत्येक प्रदेश समान रूप से विकसित होगा। राज्य सरकार वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, उत्तम दत्ता, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




