धामी सरकार की बड़ी पहल, विश्वस्तरीय रोपवे परियोजना से बदलेगी मसूरी की तस्वीर।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
उत्तराखंड की पर्यटन राजधानी मसूरी को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में धामी सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रस्तावित मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लाइब्रेरी चौक से लाल टिब्बा तक प्रस्तावित रोपवे स्टेशनों और भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर तकनीकी, पर्यावरणीय और यातायात से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की।
मसूरी में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या और पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले लंबे जाम को देखते हुए सरकार रोपवे परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस, जीएमवीएन मॉल रोड, भनौत एस्टेट और लाल टिब्बा स्थित प्रस्तावित टर्मिनल स्टेशनों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने परियोजना की व्यवहार्यता, भूमि उपलब्धता और यात्रियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने चार दुकान क्षेत्र में प्रस्तावित स्टेशन के लिए उपलब्ध सीमित स्थान और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जियो-टेक्निकल अध्ययन के आधार पर अधिक सुरक्षित और उपयुक्त वैकल्पिक स्थान चिन्हित कर नया प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या न आए।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि रोपवे परियोजना के निर्माण में मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यावरणीय संतुलन और ऐतिहासिक पहचान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान सभी पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना के पूरा होने के बाद पर्यटन सीजन में ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का मानना है कि यह परियोजना न केवल मसूरी की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि पर्यटन विकास के नए आयाम भी स्थापित करेगी।




