

गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा: दो और शातिर आरोपी गिरफ्तार, तमंचे-कारतूस समेत ₹1.40 लाख बरामद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वरना कार और लूटी गई रकम में से ₹1.40 लाख बरामद किए हैं।
19 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से गोरापड़ाव क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूटपाट की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता नारायण दास ने पुलिस को बताया था कि करीब 10 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उनके ऑफिस/गैरेज में डकैती डालकर लगभग ₹8 लाख नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूट ली थीं। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 284/26 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की मदद से CCTV फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस जांच में पहले यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27 वर्ष), निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी (26 वर्ष), निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, साहब सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, ₹89,700 और वरना कार संख्या UK-08-7517, जबकि गुरवंत सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और ₹50,300 बरामद हुए।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
डकैती कांड के खुलासे में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए SSP नैनीताल ने ₹2,500 के पुरस्कार से टीम को सम्मानित किया।




















