आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आईआईटी रुड़की कार्यशाला को मुख्यमंत्री धामी ने किया वर्चुअल संबोधन।

ख़बर शेयर करें -

आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आईआईटी रुड़की कार्यशाला को मुख्यमंत्री धामी ने किया वर्चुअल संबोधन।

उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रुड़की में आयोजित “आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं सहनशीलता” विषयक एक दिवसीय कार्यशाला को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यशाला में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपदा-पूर्व तैयारी, प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों और सामुदायिक सहभागिता जैसे अहम विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही तकनीकी नवाचार, अनुसंधान सहयोग एवं साझेदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस रणनीतियां तय होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यशाला से प्राप्त सुझाव उत्तराखंड सहित संपूर्ण हिमालयी क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की भौगोलिक संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अतिवृष्टि, हिमस्खलन एवं वनाग्नि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समयबद्ध तैयारी और सामूहिक प्रयासों से कम किए जाने पर बल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  मेला शुरू होने से पहले मैदान में उतरे आईजी और एसएसपी, कैंची धाम की हर व्यवस्था पर पैनी नजर"

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए 4P मंत्र (Predict, Prevent, Prepare, Protect) के आधार पर राज्य में 10-सूत्रीय एजेंडा पर कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार आपदा-पूर्व तैयारी, एआई आधारित चेतावनी प्रणालियां, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम, ग्लेशियर रिसर्च सेंटर, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग, रैपिड रिस्पॉन्स टीमें, फॉरेस्ट फायर अर्ली वार्निंग सिस्टम एवं वनाग्नि प्रबंधन कार्ययोजना पर निरंतर काम कर रही है। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग, वन विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर मंथन, आईजी निवेदिता कुकरेती ने मंडलायुक्त दीपक रावत से की शिष्टाचार भेंट।

मुख्यमंत्री ने आईआईटी रुड़की के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है। राज्य सरकार आईआईटी के सहयोग से इस प्रणाली के विस्तार, भूस्खलन संवेदनशील क्षेत्रों की मैपिंग और बाढ़ पूर्व चेतावनी प्रणालियों के विकास पर कार्य कर रही है। उन्होंने पर्यावरण संतुलन की दिशा में पौधारोपण, जल संरक्षण और सौर ऊर्जा से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जल संरक्षण व संवर्धन के लिए स्प्रिंग रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARA) के माध्यम से प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर मुख्यमंत्री सख्त, 6940 करोड़ की परियोजनाओं की समीक्षा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सुरक्षित घरों एवं मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर ध्यान देने तथा अधिकारियों से सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जोनल कॉर्डिनेटर, प्रज्ञा प्रवाह श्री भगवती प्रसाद राधव, निदेशक आईआईटी रुड़की प्रो. के. के. पन्त, उपनिदेशक प्रो. यू. पी. सिंह, प्रो. संदीप सिंह सहित विभिन्न राज्यों से आए वैज्ञानिक उपस्थित रहे।