पौड़ी में बड़ा हादसा: चलती बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, दो गंभीर घायल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)। पौड़ी गढ़वाल के राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर सतपुली-मल्ली के पास सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। चलती बोलेरो वाहन के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी भरकम बोल्डर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार तीन लोगों में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोल्डर सीधे बोलेरो के ऊपर गिरा, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और State Disaster Response Force (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हंस हॉस्पिटल, सतपुली भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।




