
पीली कोठी चौराहे पर दो गुटों के विवाद के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 20 लोगों पर वैधानिक कार्रवाई।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी, 7 अगस्त। मुखानी थाना क्षेत्र के पीली कोठी चौराहे के पास देर रात दो गुटों के बीच विवाद और सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बनने के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त की देर रात पीली कोठी चौराहे पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने और भगदड़ जैसी स्थिति की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित कर जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर 20 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में बीएनएसएस की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत 20 लोगों का चालान कर कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज में किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। साथ ही, दोनों पक्षों की ओर से इस मामले में कोई तहरीर भी पुलिस को नहीं दी गई है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि मारपीट या कोई अन्य दंडनीय तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या हुड़दंग से बचने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




