
हरकी पैड़ी पर CM धामी ने की गंगा आरती, PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक सेवा सफर पर की दीर्घायु की कामना।
हरिद्वार में गंगा पूजन के बाद मेला नियंत्रण भवन में हुई कैबिनेट बैठक, बनबसा के बाद जिलों में शासन पहुंचाने की पहल को आगे बढ़ा रही धामी सरकार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सरकार प्रमुख रहते हुए उन्होंने 25 वर्षों का सफर पूरा किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त कर राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।
गंगा तट पर हुई कैबिनेट बैठक
गंगा पूजन और आरती के बाद हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। गंगा तट पर कैबिनेट बैठक का आयोजन राज्य सरकार की उस पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत शासन को प्रदेश के विभिन्न जनपदों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित कर स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दे रही है। इससे पहले चम्पावत जिले के बनबसा में भी मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
स्थानीय विकास को प्राथमिकता देने की पहल
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकों के आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय आवश्यकताओं को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखना और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी लाना है। सरकार का मानना है कि इससे जनहित से जुड़े निर्णयों को गति मिलेगी और शासन व्यवस्था आमजन के अधिक करीब पहुंचेगी।







