

अंधेरी रात, उफनती नहर और जिंदगी-मौत की जंग… नैनीताल पुलिस के जवानों ने बचाई 35 वर्षीय युवक की जान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
काठगोदाम। रात करीब साढ़े 10 बजे कौलटैक्स नहर में एक युवक के बहने की सूचना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। तेज बहाव और घुप्प अंधेरे के बीच जिंदगी की तलाश शुरू हुई। मौके पर पहुंची काठगोदाम पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने बिना वक्त गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया मौके पर पहुंचे। इसी दौरान फायर सर्विस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
नहर का तेज बहाव और रात का अंधेरा रेस्क्यू में बड़ी चुनौती था, लेकिन कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार ने जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी। दोनों जवानों ने काफी मशक्कत के बाद नरोत्तम पुत्र पुरुषोत्तम, उम्र 35 वर्ष, निवासी विकासपुरी, दिल्ली को खोज निकाला और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल मौके पर मौजूद डायल-112 वाहन से अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर उसे एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया, जिसके बाद युवक को सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
रात के अंधेरे में दो जवान बने जिंदगी की उम्मीद
तेज बहाव के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर युवक को बचाने वाले पुलिसकर्मी और फायर सर्विस जवान की बहादुरी की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। इस साहसिक रेस्क्यू के बाद क्षेत्र में “उत्तराखंड पुलिस जिंदाबाद” के नारे भी गूंज उठे।
नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जवानों की बहादुरी ने एक परिवार की जिंदगी में खुशियां वापस लौटा दीं।





















