

स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, राजपुरा में पुलिस ने दबोची 21.86 ग्राम नशीली खेप।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने राजपुरा क्षेत्र में एक महिला को 21.86 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को चौकी राजपुरा पुलिस रेलवे पटरी के पास, सिकन्दर की दुकान के पीछे चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक महिला को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 21.86 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान पूजा सागर पत्नी रवि, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 13, मुन्नी कश्यप के घर के पास, राजपुरा हल्द्वानी के रूप में की है। उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में मु0 FIR संख्या 294/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020 और 2022 के एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले भी शामिल हैं।
गिरफ्तारी टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आरती, चौकी प्रभारी राजपुरा, हेड कांस्टेबल पूरन मेहरा और कांस्टेबल विजय भारद्वाज शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।




















