छोई की जर्जर सड़क को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल ने PWD अधिकारियों से की मुलाकात।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। रामनगर के छोई क्षेत्र की बदहाल सड़क को लेकर समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल ने अपने साथियों के साथ लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता संजय चौहान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छोई सड़क की जर्जर स्थिति से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग उठाई।
अधिशासी अभियंता संजय चौहान ने बताया कि विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। सड़क निर्माण के लिए शासन स्तर पर आवश्यक स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है और जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बजट स्वीकृत होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
राहुल सिंह दरम्वाल ने बताया कि छोई गांव में स्थित विश्व प्रसिद्ध हनुमान धाम और आसपास के दर्जनों रिसॉर्ट्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय लोग भी वर्षों से जर्जर सड़क पर सफर करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं और राहगीर व स्थानीय लोग चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क की मरम्मत को प्राथमिकता देने की मांग की।
राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि वह लंबे समय से रामनगर और आसपास की ग्रामीण एवं शहरी सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं। उनके प्रयासों के बाद कई सड़कों पर डामरीकरण और मरम्मत का कार्य भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि रामनगर क्षेत्र पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, हनुमान धाम सहित कई प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर सड़कें क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि आगे भी क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर जनहित में अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत हो सके।
इस दौरान होटल जीएम एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव शाह, करन बिष्ट, कुलदीप बिष्ट, अभय मेहरा सहित कई स्थानीय युवा भी मौजूद रहे।




