
भारी ट्रैफिक के बीच SSP मंजूनाथ ने संभाली कमान, डायवर्जन प्लान से नैनीताल-कैंचीधाम में यातायात व्यवस्था दुरुस्त।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। रविवार को नैनीताल और कैंचीधाम क्षेत्र में उमड़ी पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। शाम चार बजे से विशेष डायवर्जन प्लान लागू कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया।
भारी यातायात दबाव के बीच SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं ग्राउंड पर उतरकर यातायात व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं। वह प्रमुख मार्गों और डायवर्जन प्वाइंटों का लगातार निरीक्षण करते हुए मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को यातायात की स्थिति के अनुसार दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
आमजन की सुविधा को देखते हुए यातायात को आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर टू-लेन में संचालित किया जा रहा है। इससे वाहनों की आवाजाही को सुचारु रखने के साथ यातायात दबाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का विशेष फोकस वाहनों के सुचारु एग्जिट पर भी है।
SSP के नेतृत्व में SP क्राइम/ट्रैफिक, SP सिटी हल्द्वानी, SP संचार, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस कार्यालय स्टाफ, PAC और होमगार्ड समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल प्रमुख मार्गों, डायवर्जन प्वाइंट और संवेदनशील स्थानों पर तैनात है।
फील्ड में मौजूद पुलिसकर्मी वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने और यातायात के दबाव के अनुसार रूट को नियंत्रित करने में जुटे हैं। बदलती परिस्थितियों के अनुसार मौके पर ही यातायात संचालन में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं।
नैनीताल पुलिस का लक्ष्य भारी यातायात के बावजूद पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना तथा आमजन को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करना है।







