“जन-जन की सरकार जनता के द्वार: रामनगर में मेगा सेवा शिविर, 27 विभाग एक मंच पर, 32 शिकायतों का मौके पर समाधान”
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सोमवार को रामनगर विकासखंड सभागार में विशाल स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 27 विभागों ने एक ही मंच पर अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट एवं ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और विभिन्न विभागों के स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निस्तारण करने का आह्वान किया।
शिविर की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने एक अनूठी पहल करते हुए शिविर स्थल पर ही न्यायालय लगाकर वर्ष 2016 और 2018 से लंबित तीन मामलों की सुनवाई की तथा उनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के लिए भेजा गया। भूमि विवाद, सड़क मरम्मत, पेयजल, जल निकासी, विरासत, सिंचाई और अवैध अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों ने सुनवाई की।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी लाभार्थियों को दी गई।
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, लोक निर्माण सहित 27 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया और पात्र नागरिकों के आवेदन भी स्वीकार किए।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उद्देश्य शासन को जनता तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचाना है।




